स्मैक की लत ने बनाया वाहन चोर, पुलिस ने 10 चोरी की मोटरसाइकिलों के साथ दबोचा शातिर आरोपी

 



शिवराज यादव / हरिद्वार। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के नेतृत्व में हरिद्वार पुलिस द्वारा अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बहादराबाद पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही पर कुल 10 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। बरामद वाहनों में पांच मोटरसाइकिलें बहादराबाद कोतवाली में दर्ज वाहन चोरी के पांच मुकदमों से संबंधित हैं। इस कार्रवाई से पुलिस ने वाहन चोरी की पांच घटनाओं का सफल अनावरण किया है।


पुलिस के अनुसार, 11 नवंबर 2026 को उपनिरीक्षक विकास रावत, चौकी प्रभारी बाजार, पुलिस टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान लोहे के पुल के पास गंगनहर की ओर जंगल से आने वाले एक सुनसान कच्चे रास्ते पर मोटरसाइकिल सवार एक संदिग्ध व्यक्ति दिखाई दिया। पुलिस टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और मोटरसाइकिल के दस्तावेज मांगे, लेकिन वह कोई वैध कागजात प्रस्तुत नहीं कर पाया। पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम दीपक पुत्र सुंदर लाल, निवासी ग्राम तेलीवाला रसूलपुर, थाना पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार, उम्र 27 वर्ष बताया।


पुलिस द्वारा सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपी ने स्वीकार किया कि उसके पास मौजूद मोटरसाइकिल उसने आराध्या नर्सिंग होम, बहादराबाद के पास से चोरी की थी। आरोपी ने बताया कि वह स्मैक के नशे का आदी है और अपनी नशे की लत पूरी करने के लिए मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। चोरी की मोटरसाइकिलों को वह गंगनहर किनारे जंगल में सुनसान स्थान पर झाड़ियों के पीछे छिपाकर रखता था, ताकि किसी को उन पर संदेह न हो।


आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम गंगनहर किनारे जंगल पहुंची, जहां झाड़ियों में छिपाकर रखी गई नौ अन्य मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। इस प्रकार पुलिस ने कुल 10 मोटरसाइकिलें बरामद कीं। इनमें पांच मोटरसाइकिलें कोतवाली बहादराबाद में दर्ज मुकदमों से संबंधित पाई गईं। शेष पांच मोटरसाइकिलों में बजाज पल्सर और हीरो स्प्लेंडर प्लस सहित अन्य वाहन शामिल हैं। इन वाहनों के वास्तविक स्वामित्व एवं चोरी से संबंधित जानकारी जुटाने के लिए पुलिस सत्यापन कर रही है।


पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी पूर्व में थाना पिरान कलियर एवं थाना भगवानपुर में मोटरसाइकिल चोरी के मामलों में जेल जा चुका है। आरोपी के कब्जे से चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद होने के आधार पर संबंधित अभियोगों में धारा 317(2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई है। वहीं, अन्य पांच संदिग्ध मोटरसाइकिलों को धारा 35/106 बीएनएसएस के तहत पुलिस कब्जे में लेकर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई एवं सत्यापन किया जा रहा है।


पुलिस टीम में उपनिरीक्षक विकास रावत, चौकी प्रभारी बाजार, हेड कांस्टेबल राजवर्धन, कांस्टेबल बलवंत सिंह, कांस्टेबल पंकज बिष्ट, कांस्टेबल विक्रम सिंह और कांस्टेबल अवनेश राणा शामिल रहे।

और नया पुराने

نموذج الاتصال